फीडर पूरी तरह दुरुस्त, फिर भी 'फॉल्ट' के फर्जी मैसेज : सिलौंडी क्षेत्र में बिजली विभाग की अघोषित कटौती से हाहाकार, प्रशासन मौन,
हिमांशु
Sun, Oct 11, 2026
फीडर पूरी तरह दुरुस्त, फिर भी 'फॉल्ट' के फर्जी मैसेज; सिलौंडी क्षेत्र में बिजली विभाग की अघोषित कटौती से हाहाकार, प्रशासन मौन
कटनी / ढीमरखेड़ा (सिलौंडी): मध्य प्रदेश के कटनी जिला अंतर्गत जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सिलौंडी और पूरे क्षेत्र में बिजली विभाग की तानाशाही और उपभोक्ताओं के साथ खुले छलावे का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। जमीनी हकीकत यह है कि क्षेत्र के किसी भी बिजली फीडर में कोई तकनीकी खराबी (फॉल्ट) नहीं है। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा रोजाना उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर "तकनीकी खराबी के कारण बिजली बंद रहने" का झूठा मैसेज भेजा जा रहा है। इस फर्जी मैसेज की आड़ में विभाग द्वारा रोजाना विशेष और अघोषित कटौती की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी के इस दौर में आम जनता का जीना मुहाल हो गया है।
हर घंटे आधा घंटा बत्ती गुल: मेंटेनेंस के नाम पर अवैध कटौती का खेल
स्थानीय उपभोक्ताओं और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सिलौंडी क्षेत्र में दिन हो या रात, हर 1 घंटे में कम से कम आधा घंटे के लिए बिजली अनिवार्य रूप से काट दी जाती है। इस प्रकार की अवैध कटौती चौबीसों घंटे अनवरत जारी है। जब भी आक्रोशित ग्रामीण इसकी शिकायत दर्ज कराते हैं, तो उन्हें बताया जाता है कि 'मेंटेनेंस' का काम चल रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि हर घंटे मेंटेनेंस ही हो रहा है, तो क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था कभी स्थाई क्यों नहीं होती? साफ है कि मेंटेनेंस के नाम पर यह केवल भारी कटौती करने का एक बहाना है।
भीषण गर्मी में तड़प रहे बुजुर्ग और बच्चे, ठप पड़ा व्यापार
इस समय पड़ रही उमस और भीषण गर्मी के कारण क्षेत्र के नागरिक बेहाल हैं। लगातार होने वाली इस अघोषित बिजली कटौती ने आग में घी डालने का काम किया है। रात के समय बार-बार होने वाली ट्रिपिंग के कारण लोग सो नहीं पा रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों का स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली की इस आंख-मिचौनी के कारण क्षेत्र के छोटे-बड़े व्यापारियों का धंधा चौपट होने की कगार पर है और कृषि कार्यों में भी भारी बाधा आ रही है।
प्रशासन का रवैया उदासीन; नहीं लिया जा रहा कोई एक्शन
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि बिजली विभाग द्वारा किए जा रहे इस फर्जीवाड़े और अवैध कटौती की पूरी जानकारी होने के बाद भी प्रशासनिक अमला कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बिजली विभाग के इस तानाशाही रवैए पर अब तक किसी भी प्रकार का कोई एक्शन नहीं लिया गया है। प्रशासन की इस निष्क्रियता से सिलौंडी क्षेत्र की आम जनता में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध कटौती और फर्जी मैसेजिंग को तुरंत बंद कर निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।
Mpnewslive.
कटनी जिला रिपोर्टर हिमांशु
Tags :
PM NARENDRA MODI
CM MOHAN YADAY
Bhopal Updates
katnicollector
Mpnewslive Katni
mpvv jabalpur
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन