: कलेक्टर ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण, बोले-जमीन पर नहीं बैठेंगे परीक्षार्थी
Tue, Feb 6, 2024
बोर्ड परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी जमीन पर नहीं बैठेगा, सभी को मिलेंगे टेबल कुर्सी – कलेक्टर दीपक आर्य
सागर/ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी जमीन पर नहीं बैठेगा। सभी को टेबल-कुर्सी उपलब्ध कराई जाएगी। उक्त निर्देश कलेक्टर दीपक आर्य ने कक्षा दसवीं के प्रश्न पत्र के दौरान विभिन्न परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।
कलेक्टर दीपक आर्य ने बताया कि आज लाल स्कूल गोपालगंज में कक्षा दसवीं के कुछ विद्यार्थी जमीन पर बैठे मिले। कलेक्टर दीपक आर्य ने तत्काल एसडीएम विजय डहेरिया एवं जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन को निर्देशित किया कि लाल स्कूल गोपालगंज सहित समस्त परीक्षा केन्द्रों कि आज ही जांच करें एवं यदि कहीं भी कोई परीक्षार्थी जमीन पर बैठा मिलता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर दीपक आर्य ने निर्देशित किया कि जिले में 141 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें सभी एसडीएम आज ही सभी का भौतिक सत्यापन कराकर टेबल-कुर्सी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइट, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहें यह भी सुनिश्चित किया जावे । कलेक्टर दीपक आर्य ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्ष में मौजूद पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि सभी पर्यवेक्षक अपने-अपने कक्ष में मौजूद परीक्षार्थियों की ओएमआर शीट की सूक्ष्मदर्शी जांच करें उसी के बाद हस्ताक्षर करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी परीक्षार्थी की ओएमआर शीट में कुछ गलती पाई जाती है तो उसको तत्काल मौके पर संबंधित परीक्षार्थी से ठीक कराएं। उन्होंने समस्त परीक्षा केंद्र के अध्यक्षों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार के अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश न हो, यह भी सुनिश्चित रखें।
कक्षा 10वीं के पहले पेपर में 601 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थिति
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा में पहले दिन कक्षा-10वीं का हिन्दी विषय का प्रश्न-पत्र जिले के 141 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न हुआ। जिसमें कुल दर्ज 35410 में से 34809 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 601 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये, फ्री कोचिंग
Tue, Feb 6, 2024
अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्राें के लिये प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये निःशुल्क कोचिंग,आवेदन 20 मार्च तक
सागर/ शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अभ्यार्थियों के लिए बैंकिग, रेलवे, एस.एस.सी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग के आवेदन 20 मार्च तक आमत्रित किये जा रहे है। जिसके लिए आवेदक अनुसूचति जाति, जनजाति वर्ग का सदस्य एवं म.प्र. का मूल निवासी हो तथा आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रूपये से अधिक न हो I अभ्यार्थियों की न्यूनतम आयु सीमा 18वर्ष एवं अधिकतम 35वर्ष हो। आवेदक ने पूर्व में किसी भी परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षण न लिया हो।
इन दस्तावेज का होना जरूरी
आवेदक आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल, हायर सेकेन्डी, स्तानक उत्तीर्ण की अंकसूची , 2 पासपोर्ट साइज फोटो, आधारकार्ड जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, कोविड-19 का पूर्व टीकाकरण का प्रमाण पत्र, स्वप्रमाणित छायाप्रति डाक द्वारा अथवा व्यक्तिगत रूप से शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, सिरौजा सागर में कार्यायलीन समय में कार्यालय में जमा कर सकते है। अंतिम तिथि पश्चात प्राप्त आवेदन पत्र मान्य नही किये जावेगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर- 9407541795 पर कार्यालयीन दिन एवं समय में सम्पर्क कर सकते है।
: सागर में फ़िर बदला मौसम का मिज़ाज
Tue, Feb 6, 2024
सागर/ वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से शहर का मौसम बदल गया हैं। शहर में देर शाम से बादल छाए हुए हैं। आज सोमवार से ज्यादा मौसम में ठंड का असर होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार एक दो दिन में जिले में बूंदाबांदी हो सकती हैं। इस का कारण मध्यप्रदेश में पिछले 3 दिन से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी रही। इस कारण ग्वालियर, चंबल समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश का दौर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सिस्टम गुजरने से मंगलवार को मौसम फिर बदला और ठंड का हल्का दौर लौट आया। प्रदेश भर में रात के टेम्प्रेचर में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
IMD, भोपाल के अनुसार, कुछ दिनों के बाद एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। वहीं जेट स्ट्रीम भी चलेगी। इससे प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदल जाएगा।