लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की मासिक गतिविधि के तहत हुआ आयोजन, डॉ. संदीप कपूर ने साक्षात्कार के विभिन्न पहलुओं पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
मध्य प्रदेश / कटनी / ढीमरखेड़ा / सिलौंडी। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय सिलौंडी में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा मासिक गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत ‘साक्षात्कार कौशल’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों तथा साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर उनके आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अतिथि विद्वान राजनीति शास्त्र डॉ. संदीप कपूर ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने साक्षात्कार प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थी का आत्मविश्वास, व्यवहार, संवाद शैली, विषय की समझ और प्रश्नों का उत्तर देने का तरीका महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए बेहतर तैयारी करने तथा अपनी क्षमताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अंकुर ओमर ने भी विद्यार्थियों को ‘साक्षात्कार कौशल’ विषय पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने, अपने ज्ञान एवं व्यक्तित्व को विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर तैयारी करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. अंकुर ओमर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ का सहयोग रहा। व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
इस तरह महाविद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के करियर निर्माण, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य की रोजगार संबंधी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन