लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
राजेश साहू
MpNews.live , कांकेर

। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सोमवार को चारामा तहसील के लखनपुरी, चारामा और हल्बा स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, बारदाने की स्थिति, धान की गुणवत्ता और नमी जांच की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही किसानों से सीधे बातचीत कर धान विक्रय के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके अनुभवों की जानकारी ली।
किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया और शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, तौल एवं गुणवत्ता जांच की समुचित व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मॉइस्चर मीटर से नमी जांच की प्रक्रिया देखी
चारामा धान खरीदी केंद्र में कलेक्टर ने धान की नमी मापने के लिए उपयोग किए जाने वाले मॉइस्चर मीटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नमी परीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी ली और निर्देश दिए कि धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाए, ताकि खरीदी में पारदर्शिता बनी रहे।
किसानों को योजनाओं की दी जानकारी
कलेक्टर ने किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन प्रणाली और किसान समृद्धि योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी भी दी। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान अपर कलेक्टर भागवत प्रसाद जायसवाल, चारामा एसडीएम नरेंद्र बंजारा, खाद्य अधिकारी शांति ध्रुव, वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी डी.एल. देवांगन, जिला विपणन अधिकारी तामेश ध्रुव, तहसीलदार कांकेर रूपेश मरकाम और तहसीलदार चारामा कृष्ण कुमार पाटले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन