लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
कटनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला कर चेन लूटने वाला शातिर बदमाश लल्ला पंडित 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार और सोने की चेन बरामद
कटनी। पुरानी रंजिश को लेकर एक दूध डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला करने और सोने की चेन लूटने वाले आदतन अपराधी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का चैननुमा पंच और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
घात लगाकर किया था जानलेवा हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को सुख्खन चौक निवासी दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर (कांचकार), उम्र 57 वर्ष, जब जालपा मढ़िया के पास वाली गली से गुजर रहे थे, तभी आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर घात लगाकर हमला कर दिया। आरोपी ने ईंट-पत्थर और लोहे की चैननुमा पंच से किशोर तोमर के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान आरोपी उनके गले से सोने की चेन भी लूट कर फरार हो गया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1209/26, धारा 296(बी), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जबलपुर रेलवे स्टेशन से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिसके बाद सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास छिपा है और ट्रेन पकड़कर बाहर भागने की फिराक में है। कोतवाली पुलिस की टीम ने तुरंत जबलपुर पहुंचकर घेराबंदी की और 26 वर्षीय आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित (निवासी जालपा देवी वार्ड) को हिरासत में ले लिया।
11 आपराधिक मामलों का दर्ज है रिकॉर्ड
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हर्ष द्विवेदी क्षेत्र का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक श्री अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक लेख सिंह परिहार, सउनि प्रहलाद पैकरा सहित प्रधान आरक्षक अनुराग सोनकर, अजय दुबे, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र प्रताप, वीरेन्द्र तिवारी, पुष्पराज सिंह और आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह व दीपक तिवारी की मुख्य भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम की सराहना की है।

विज्ञापन
विज्ञापन