: जापानी ईसेंफंलाइटिस का निःशुल्क टीकाकरण 27 फरवरी से
Mon, Feb 26, 2024
सागर जिले में जापानी ईसेंफंलाइटिस (दिमागी बुखार) का टीकाकरण 27 फरवरी से प्रारंभ किया जा रहा है । मध्य प्रदेश में चार जिले सागर,भोपाल,इन्दौर और होशंगाबाद को जे.ई टीकाकरण हेतु चिन्हित किया है।
15 वर्ष तक के बच्चों में दिमागी बुखार की बीमारी होनी की संभावना सबसे अधिक
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एम.एल.जैन ने जापानी इन्सेफलाइटिस (दिमागी बुखार) के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मध्य प्रदेश में चार जिले इन्दौर, होशंगाबाद, भोपाल, सागर को जे.ई टीकाकरण हेतु चिन्हित किया है। विगत 6 वर्षो में सागर जिले में 06 बच्चे दिमागी बुखार से पीडित मिले थे। अधिकाशतः 01 वर्ष से 15 वर्ष की आयुवर्ग के बच्चों में जापानी ईसेंफंलाइटिस की बीमारी होने की संभावना सबसे अधिक होने के कारण शासन के निर्देशानुसार सागर जिले में जापानी ईसेंफंलाइटिस टीकाकरण 27 फरवरी 2024 से प्रारंभ किया जा रहा है ।
मच्छर के काटने से फैलती है बीमारी
जापानी इन्सेफलाइटिस मच्छर जनित वायरस के कारण होने वाली बीमारी है। यह मूख्यतः क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलती है। संक्रमण से सिरदर्द या मेनिनजाइटिस (ब्रेन टिशू की सूजन) जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं । अन्य लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, गले में अकड़न, कपकपी, उल्टी और संक्रमण हैं । जे.ई पीड़ित व्यक्ति को झटके आते हैं बीमारी बढ़ने पर लकवे/कोमा में जाने की संभावना बढ़ जाती हे। पीड़ित बच्चों की दिमागी स्थिति असामान्य रहती हैं। गंभीर मामलों में या अनुपचारित छोड़ दिए जाने पर जापानी इन्सेफेलाइटिस नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचाकर मृत्यु का कारण बन सकता है।
यहां लगाया जायेगा निःशुल्क टीका
आगनंबाड़ी केन्द्रों में 27 फरवरी से 1 से 6 साल के बच्चों का एवं शासकीय/प्राईवेट स्कूलों में 6 से 15 साल के बच्चों को जापानी इन्सेफलाइटिस का निःशुल्क टीका लगाया जायेगा।
इस अवसर पर डॉ.एम.एल.जैन ने पत्रकार बन्धुओं द्वारा पुछे गए प्रश्नों का जबाव देते हुये कहा कि पत्रकार बन्धुओं के सहयोग से आमजन तक जापानी इन्सेफलाइटिस (दिमागी बुखार) होने के कारण,लक्षण,बचाव की जानकारी पहुंच सकेगी एवं जन-समुदाय तक टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सकेगा।
: पटवारी काउंसलिंग स्थल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
Sun, Feb 25, 2024
सागर / नव चयनित पटवारियों की शनिवार से काउंसलिंग प्रारंभ हुई, जिसका कलेक्टर दीपक आर्य ने अधिकारियों के साथ काउंसलिंग स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से चर्चा भी की।उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से कहा कि आप लोग धैर्य एवं संयम से यहां रुके सभी का नंबर आने पर काउंसलिंग की जाएगी। उन्होंने काउंसलिंग के लिए गठित समितियों के अधिकारी कर्मचारियों से भी चर्चा की। काउंसलिंग स्थल पर मौजूद डॉक्टरों की टीम के द्वारा आवश्यकतानुसार नवनियुक्त पटवारी अभ्यर्थियों की जांच भी की गई।कलेक्टर दीपक आर्य ने सभी समिति के सदस्यों को निर्देश दिए की सभी अभ्यर्थियों की दस्तावेजों की सूक्ष्मता की साथ जांच करें एवं उनके मूल दस्तावेज अवश्य देखें। उन्होंने निर्देश दिए की काउंसलिंग स्थल पर पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जावे एवं अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजनों की बैठने रोकने की व्यवस्था भी रखें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच पोर्टल पर जाकर चेक करें। संबंधित विश्वविद्यालय बोर्ड की बेवसाइट पर जाकर भी दस्तावेजों की जांच की जाए।इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर विनय द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर नवीन सिंह ठाकुर, तहसीलदार रोहित रघुवंशी, दुर्गेश तिवारी, एसएलआर देवी शरण चक्रवर्ती, हरीश लालवानी सहित अन्य समितियां के सदस्य मौजूद थे ।
: 100 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे संत शिरोमणि रविदास मंदिर का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने निरीक्षण किया
Sun, Feb 25, 2024
सागर / संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मकरोनिया बड़तूमा पहुंचकर संत रविदास जी को पुष्प अर्पित किए साथ ही 100 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे मंदिर एवं संग्रहालय स्थल का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सागर ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के लिए यह भव्य एवं दिव्य मंदिर होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर एवं संग्रहालय बन जाने के बाद यहां संत शिरोमणि रविदास जी के अनुयाई सहित संपूर्ण भारतवर्ष के लोग यहां आकर उनके संबंध में जानकारी प्राप्त करेंगे एवं उनके विचारों से अवगत होंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर एवं संग्रहालय बन जाने से रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर गौरव सिरोठिया, नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल, डॉ अनिल तिवारी, नितेश गुप्ता, नरेंद्र अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दीपक आर्य, मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के अधिकारी मनीष डेहरिया, पवन धाकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।