: Sagar : अतिवृष्टि, ओलावृष्टि का कलेक्टर के निर्देश के बाद तत्काल सर्वे प्रारंभ
Tue, Mar 5, 2024
अतिवृष्टि, ओलावृष्टि का सर्वे करने का कलेक्टर दीपक आर्य के द्वारा निर्देशित किया गया था। जिसके परिप्रेक्ष्य में रहली अनुविभागीय अधिकारी गोविंद दुबे द्वारा टीमों का गठन कर सर्वे शुरू कराया गया। अनुविभागीय अधिकारी गोविंद दुबे ने बताया कि तहसीलदार राजेश पांडे के साथ आज बरखेड़ा सिकंदर, महूना, बलेह एवं गुड़ा कला ग्रामों में जाकर किसानों के साथ खेतों में पहुंचे जहां अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से नुकसान का जायजा लिया ।
कलेक्टर दीपक आर्य ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि टीमों का गठन कर तीन दिवस में सर्वे कार्य कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी सर्व में किसानों को अपने साथ में रखें और उनसे चर्चा भी करें।
: आज मनाया जायेगा राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस
Mon, Mar 4, 2024
प्रत्येक मौसम की विषम से विषम परिस्थितियों और दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में मध्य प्रदेश की 41 हजार सर्किट कि.मी. से अधिक की अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों के माध्यम से मध्यप्रदेश में भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने वाले एम.पी. ट्रांस्को की महत्वपूर्ण कड़ी लाइनमैन के योगदान को मान्यता देकर आदर-भावना प्रकट करने एम.पी. ट्रांस्को (मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) गोविंदपुरा भोपाल में आज 4 मार्च को राष्ट्रीय लाइनमैन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया जायेगा। इसमें भोपाल सहित एम.पी. ट्रांस्को के 40 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश भर में एम पी ट्रांसको के असाधारण कार्य क्षमता दिखाने वाले लाइनमैनों सहित अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जायेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पर जीरो हार्म थीम पर सुरक्षा शपथ ली जायेगी।
: गेहूं उपार्जन के पंजीयन अब 6 मार्च तक
Sat, Mar 2, 2024
सागर / रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन के लिए गेहूँ पंजीयन की अवधि अब 6 मार्च निर्धारित की गई है। जिले में किसान पंजीयन के लिए सेवा सहकारी समितियों के 109 पंजीयन केन्द्र एवं एमपी ऑनलाईन/कॉमन सर्विस सेंटर के 567 पंजीयन केन्द्र स्थापित किये गये है। पंजीयन केन्द्रों से अब तक 23661 पंजीयन किये गये, जिसमें गेंहूँ-21014, चना-3826, मसूर- 4905 एवं सरसों-275 किसानों का पंजीयन हो चुका है।
गेंहूँ, चना, मसूर एवं सरसों विक्रय करने के लिए किसानों का पंजीयन स्वयं के मोबाइल, कम्प्यूटर, ग्राम पंचायतों के सुविधा केन्द्र, सहकारी समिति पर निःशुल्क पंजीयन किया जा रहा है। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोकसेवा केन्द्रों पर निजी व्यक्तियों द्वारा सायबर कैफे पर पंजीयन करवा सकते है। सिकमी, बटाईदार एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन सहकारी समिति के केन्द्रों पर किए जाएंगे।