लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा की टीम ने वन अपराध प्रकरण में दोनों आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में किया पेश, अवैध कब्जे के मामलों में सख्ती का संदेश
मध्य प्रदेश / कटनी / ढीमरखेड़ा। वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वन भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े वन अपराध प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन मंडलाधिकारी के निर्देश एवं उप वनमंडलाधिकारी कटनी (पश्चिम) के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा सचिन नामदेव के नेतृत्व में 16 नवंबर 2026 को विशेष टीम गठित कर वन भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामले में कार्रवाई की गई। वन विभाग द्वारा दर्ज वन अपराध प्रकरण क्रमांक 199/22, दिनांक 03 अक्टूबर 2026 में फरार चल रहे आरोपी दिलराज पिता जहान सिंह, निवासी ग्राम भटगवां को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रकरण की विवेचना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। वन विभाग के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए 17 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय ढीमरखेड़ा में प्रस्तुत किया गया।
दूसरे फरार आरोपी को भी वन विभाग ने पकड़ा
इसी वन अपराध प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी राजू पिता भागीला सिंह, निवासी ग्राम भटगवां को भी वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया। न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर आरोपी को प्रकरण की विवेचना के लिए अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद उसे भी न्यायालय ढीमरखेड़ा में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई
वन विभाग की जानकारी के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972, भारतीय वन अधिनियम 1927, जैव विविधता अधिनियम 2002 एवं वन संरक्षण अधिनियम 1984 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रकरण में वन विभाग की ओर से अधिवक्ता मंजुला श्रीवास्तव एवं एडीपीओ श्री शर्मा द्वारा न्यायालय में पक्ष रखा गया।
वन विभाग की टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन नामदेव, डिप्टी रेंजर मुहम्मद खालिद, शकुंतला गौड़, अशोक कोल, श्रवण ठाकुर, भीमसेन कोल, बीटगार्ड राजेश सोनी, प्रदीप तिवारी, विनीत सिंह, कमलेश बर्मन, रामफल पटेल, सुधीर सिंह, उमा चौधरी सहित अन्य वन कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
वन भूमि प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण की अहम धरोहर है। वन भूमि पर अवैध कब्जा प्राकृतिक संसाधनों के नुकसान के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्रभावित करता है। वन विभाग की इस कार्रवाई से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण तथा वन अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन