लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
राजेश साहू
MpNews.live , कांकेर अंतागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही परेशानी को लेकर अंतागढ़ के जनप्रतिनिधियों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में 23 नवंबर को नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने कलेक्टर उत्तर बस्तर कांकेर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अंतागढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
जनप्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि क्षेत्र के किसानों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि धान खरीदी केंद्रों में ग्रामवार अलग-अलग मापदंड के आधार पर धान खरीदी किए जाने की बात कही जा रही है। केंद्र प्रभारियों द्वारा अलग-अलग गांवों के लिए अलग-अलग सीमा निर्धारित होने की जानकारी दी जा रही है, जबकि शासन के प्रावधान के अनुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था है।
ग्रामवार अलग-अलग मापदंड पर जताई आपत्ति
जनप्रतिनिधियों ने धान खरीदी केंद्रों में ग्रामवार अलग-अलग मापदंड की सूची उपलब्ध कराए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बन रही है। इसे किसानों के साथ अन्याय बताते हुए उन्होंने सभी किसानों के लिए शासन के निर्धारित मापदंड के अनुरूप एक समान व्यवस्था लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि इस व्यवस्था से नाराज होकर किसान धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से स्पष्ट आदेश जारी कर प्रत्येक किसान से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन पर नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग, उपाध्यक्ष अमल सिंह नरवास, जनपद पंचायत अंतागढ़ की अध्यक्ष मनोरमा मंडावी और उपाध्यक्ष कुबल सिंह भूसाखरे के हस्ताक्षर एवं पदनाम सहित मुहर दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन