अरेकेल की पल्लवी सिदार ने चित्रकला में प्रथम, : सेवा संकल्प अभियान बसना में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन*
फिरोज खान संभाग प्रमुख रायपुर
Tue, Sep 29, 2026
बड़े साजापाली दीपिका साहू ने भाषण प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान*
स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा, बसना के संयुक्त तत्वावधान में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, संकल्प, सहभागिता, शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को रंगों और रेखाओं के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ सेवा, संस्कार, शिक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए।

*पल्लवी सिदार ने चित्रकला में हासिल किया प्रथम स्थान*
विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल की छात्रा पल्लवी सिदार ने शिक्षक प्रेमचन्द साव के नेतृत्व में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। पल्लवी ने अपनी कल्पनाशीलता, विषय की समझ, रचनात्मक सोच एवं आकर्षक कलात्मक प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में बरोली की छात्रा लतिका दास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बड़े साजापाली की छात्रा दीपिका साहू ने प्रथम तथा गढ़पटनी की ईशिका दास ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।पल्लवी की सफलता से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरेकेल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण है।
*जनपद अध्यक्ष डिलेश्वरी मिलाप निराला ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत बसना की अध्यक्ष श्रीमती डिलेश्वरी मिलाप निराला ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर प्रतिभा छिपी होती है।आवश्यकता है उस प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित अवसर देने की। सेवा संकल्प अभियान जैसे आयोजन बच्चों में सेवा भावना, संस्कार, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता केवल उनके परिवार और विद्यालय की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रयास और मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया।
जनपद पंचायत बसना के उपाध्यक्ष मोहित पटेल ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच मिलना बेहद जरूरी है। चित्रकला एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास,रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करती हैं।
जनपद सदस्य साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अनेक प्रतिभावान विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर कला, साहित्य, खेल, विज्ञान एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ाना चाहिए।उन्होंने पल्लवी सिदार सहित सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*बीईओ बद्री विशाल जोल्हे ने बताया अभियान का उद्देश्य*
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना बद्री विशाल जोल्हे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, संकल्प, सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तक और परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।उन्होंने कहा कि चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं अभिव्यक्ति क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।
*बीआरसीसी अनिल सिंह साव ने कहा— अवसर मिलने पर निखरती है प्रतिभा*
विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक अनिल सिंह साव ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जब बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
*आयोजन में शिक्षकों एवं विभागीय प्रतिनिधियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका*
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का मंच संचालन आरिफ बेग और शरण कुमार दास ने किया। वहीं आयोजन को सफल बनाने में विजय कुमार धृतलहरे, सुरेश कुमार नंद , श्री त्रिकांत बाघ ,वारिश कुमार,गजेंद्र नायक,अनिल पटेल मनबोध नंद, सर्वेश सिंह,का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम में जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन