लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
जैविक खेती एवं खाद निर्माण का प्रशिक्षण शुरू, विद्यार्थियों को सिखाए जाएंगे स्वरोजगार के गुर
शासकीय महाविद्यालय सिलौड़ी में अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, वर्मी कम्पोस्टिंग और हाईटेक नर्सरी की दी जाएगी जानकारी
मध्य प्रदेश /कटनी/जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, सिलौंडी। शासकीय महाविद्यालय सिलौड़ी में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना क्रमांक 7185 के अंतर्गत विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से जैविक खेती एवं खाद विषय पर अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 03 नवंबर 2026 को किया गया।



कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार गौतम ने अपने प्रारंभिक उद्बोधन में विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का सफल समन्वय स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी एवं टीपीओ डॉ. अंकुर ओमर द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के प्रारंभिक सत्र में सेडमैप के जिला समन्वयक एवं प्रशिक्षक श्री शकील अहमद चौधरी ने जैविक खेती के विभिन्न प्रकारों तथा हाईटेक नर्सरी की स्थापना एवं संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रशिक्षक श्री सत्येंद्र ने परागण, बीज उपचार सहित कृषि से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों के बारे में विद्यार्थियों को समझाया।
कार्यक्रम में सदस्य डॉ. संदीप कपूर ने रोग नियंत्रण, जैविक खेती की लागत एवं कृषि उत्पादों के विपणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने मंच संचालन की जिम्मेदारी भी निभाई।
वर्मी कम्पोस्टिंग से खाद निर्माण का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वर्मी कम्पोस्टिंग एवं कम्पोस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को केंचुओं की सहायता से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार करने की तकनीक सिखाई जाएगी। साथ ही खेतों में जैविक खाद के उचित उपयोग, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि आधारित व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें और जैविक खेती को अपनाकर कृषि क्षेत्र में नए अवसर तलाश सकें।
महाविद्यालय का यह प्रयास विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
MPnewslive.
कटनी जिला पत्रकार हिमांशु
विज्ञापन
विज्ञापन