लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
पंजाब के अमृतसर जिले से पकड़ा गया आरोपी, घटना में प्रयुक्त पिस्टल का एक जिंदा राउंड जब्त
कटनी। चौकी झिंझरी (थाना माधवनगर) पुलिस ने लूट के मामले में पांच माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल का एक जिंदा राउंड भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अनिमेश द्विवेदी एवं थाना प्रभारी माधवनगर श्री शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
क्या था पूरा मामला?
घटना 21 मई 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे की है। फरियादी अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम गैतरा से धरमपुरा जा रहा था। इसी दौरान पिपरौंध से जयंतीनगर मार्ग पर करीब 250 मीटर आगे दो अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ देकर मोटरसाइकिल रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति के पास कट्टे जैसा हथियार था।
फरियादी के नहीं रुकने पर आरोपियों ने उसके पिता को मोटरसाइकिल से नीचे खींच दिया। इसके बाद फरियादी के सिर पर हथियार लगाकर उसे वाहन से उतरने को कहा। मोटरसाइकिल पर कब्जा करने के बाद दोनों आरोपी जबलपुर-कटनी हाईवे की ओर फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मामले के मुख्य आरोपी मनराज उर्फ मनमोहित सिंह को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में जिला जेल कटनी में निरुद्ध है। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (34 वर्ष), पिता सतनाम सिंह, निवासी मजीठा, थाना मजीठा, जिला अमृतसर (पंजाब) को 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल का एक जिंदा राउंड जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल कटनी दाखिल कराया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक शशिभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक चंद्रकमल पांडे एवं आरक्षक संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पवन श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, कटनी
विज्ञापन
विज्ञापन