दतला नदी में रेत का 'काला खेल': संगमा घाट पर अवैध उत्खनन : और सिलौड़ी चौकी के सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवर लोडिंग जारी, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, लगाए प्रशासन से मिलीभगत के आरोप!
हिमांशु
Fri, Sep 25, 2026
जनता की ललकार:दतला नदी में रेत का 'काला खेल': संगमा घाट पर अवैध उत्खनन और सिलौड़ी चौकी के सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवर लोडिंग जारी, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, लगाए प्रशासन से मिलीभगत के आरोप!
सिलौड़ी (कटनी)। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सिलौड़ी पुलिस चौकी के ठीक सामने से बेखौफ होकर रेत से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार आँखें मूंदे बैठे हैं। दतला नदी के संगमा घाट पर रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर कथित अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है। इस बेलगाम परिवहन और उत्खनन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने सीधे तौर पर स्थानीय प्रशासन और रेत माफियाओं के बीच मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है।
चौकी के सामने से गुज़र रहे ट्रैक्टर, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों का सबसे बड़ा और तीखा सवाल यह है कि जब सिलौड़ी पुलिस चौकी के ठीक सामने से दिन-रात रेत से लदे ओवरलोड ट्रैक्टर गुजर रहे हैं, तो इन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? क्या इन वाहनों की कोई जांच की जाती है? लगातार बिना रोक-टोक हो रहे इस परिवहन ने पुलिस और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार अधिकारी इस पर मौन साधे हुए हैं, जिससे माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। हालांकि, उत्खनन की वास्तविक वैधता की आधिकारिक पुष्टि खनिज विभाग की गहन जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
तला नदी के अस्तित्व पर मंडराया संकट, सूख सकते हैं जलस्रोत
इस अनियंत्रित और अंधाधुंध रेत उत्खनन के कारण दतला नदी के प्राकृतिक स्वरूप को भारी नुकसान पहुँच रहा है। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि नदी के किनारों और जलस्तर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। यदि इस पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और पेयजल संकट गहरा सकता है। नदी के अस्तित्व के साथ हो रहा यह खिलवाड़ पूरे इलाके के पर्यावरण को तबाह कर रहा है।
कलेक्टर और खनिज विभाग से तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के नागरिकों ने कटनी कलेक्टर और खनिज विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि
संगमा घाट का तुरंत स्थल निरीक्षण कराया जाए।
रेत उत्खनन की अनुमति, रॉयल्टी और निर्धारित मात्रा की बारीकी से जांच हो।
पुलिस चौकी के सामने से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों को जब्त कर संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस 'रेत के खेल' को बंद नहीं कराया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
Tags :
katnicollector
Mpnewslive Katni
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन