लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
Debanjan Chakraborty ( Bureau Chief Hoogly )
पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर जारी विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। शनिवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कई वीडियो क्लिप जारी किए और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस गुट पर गंभीर आरोप लगाए।
अभिषेक बनर्जी का आरोप है कि चुनाव आयोग के सामने पार्टी पर अपना दावा मजबूत करने के लिए फर्जी हलफनामे तैयार किए गए। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न पुलिस थानों में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में इन दस्तावेजों को भरा गया और बाद में इन्हें चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक ने कालना सहित कुछ अन्य स्थानों के वीडियो दिखाए। उनका दावा है कि इन फुटेज में पुलिसकर्मियों को हलफनामे से जुड़े दस्तावेज भरते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने नोटरी के हस्ताक्षर और मुहर में भी कथित जालसाजी का आरोप लगाया।
अभिषेक ने यह भी दावा किया कि जिन लोगों के नाम पर हलफनामे दाखिल किए गए, उनमें से कुछ को इसकी जानकारी तक नहीं थी। उन्होंने मामले में शामिल पुलिसकर्मियों से लेकर कथित तौर पर निर्देश देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों तक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही न्यायपालिका से स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग भी की।
हालांकि, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब कालना पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस की शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए गए वीडियो एआई की मदद से तैयार किए गए हो सकते हैं। इस आरोप की भी स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
अब सवाल यह है कि वीडियो की वास्तविकता क्या है? क्या सचमुच पुलिस थानों में हलफनामे तैयार किए गए थे या फिर इस पूरे मामले में कोई दूसरी सच्चाई सामने आएगी?
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस विवाद ने एक बार फिर हलचल तेज कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन