15 सितम्बर तक जमा होंगे नाम निर्देशन पत्र, 29 सितम्बर को होगा मतदान : कटनी /नगर निगम के वार्ड नंबर 41 के लिए पार्षद व ग्राम पंचायत भेड़ा एवं घाना के लिए सरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रकिया शुरू
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Mon, Sep 7, 2026
नगर निगम और पंचायत उप निर्वाचन के लिए 8 सितम्बर से नाम निर्देशन पत्र होंगे प्राप्त
नगर निगम के वार्ड नंबर 41 के लिए पार्षद व ग्राम पंचायत भेड़ा एवं घाना के लिए सरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रकिया शुरू
15 सितम्बर तक जमा होंगे नाम निर्देशन पत्र, 29 सितम्बर को होगा मतदान
उपनिर्वाचन हेतु जिले के प्रेक्षक नियुक्त
कटनी / राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 सितम्बर से प्रारंभ होगा। अभ्यर्थी 15 सितम्बर तक अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 16 सितम्बर को की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर निर्धारित की गई है। इसी दिन अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन भी किया जाएगा।
29 सितम्बर को होगा मतदान
नगरीय निकायों के लिए मतदान 29 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। नगरीय निकायों में मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से की जाएगी।
इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए मतदान 29 सितम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केन्द्र पर ही की जाएगी।
सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम के माध्यम से होने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य एवं पंच पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे से की जाएगी।
नगरपालिक निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 में पार्षद पद के लिए निर्वाचन
उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नगरपालिक निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 में पार्षद पद के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 सितम्बर से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे और 29 सितम्बर को मतदान होगा।
जिले की विभिन्न पंचायतों में भी होंगे उप निर्वाचन
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए निर्वाचन प्रस्तावित है।
जनपद पंचायत बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम पंचायत भेड़ा में सरपंच पद के लिए निर्वाचन होगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत सलैया कुंआ के वार्ड क्रमांक 8, सिंदुरसी के वार्ड क्रमांक 3, किवलहरा के वार्ड क्रमांक 5 तथा तिहारी के वार्ड क्रमांक 8 में पंच पद के लिए निर्वाचन होगा।
जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत घाना में सरपंच पद तथा गोपालपुर के वार्ड क्रमांक 8 में पंच पद के लिए निर्वाचन होगा।
इसी प्रकार जनपद पंचायत बड़वारा अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हौरी के वार्ड क्रमांक 2, लुहरवारा के वार्ड क्रमांक 9, कुम्हवारा के वार्ड क्रमांक 10, जगुवा के वार्ड क्रमांक 5, विजौरी के वार्ड क्रमांक 8 तथा बंदरी के वार्ड क्रमांक 1 में पंच पद के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।
जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़खेरा के वार्ड क्रमांक 9 तथा कछगवां जोबा के वार्ड क्रमांक 8 में पंच पद के लिए निर्वाचन होगा।
वहीं जनपद पंचायत रीठी अंतर्गत ग्राम पंचायत अमगवां के वार्ड क्रमांक 3, ढुढरी के वार्ड क्रमांक 11, देवगांव के वार्ड क्रमांक 2, विरुहुली के वार्ड क्रमांक 10, सुगवां के वार्ड क्रमांक 7 तथा रैपुरा के वार्ड क्रमांक 11 में पंच पद के लिए निर्वाचन प्रस्तावित है।
इसके अलावा जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत इटौरा के वार्ड क्रमांक 10, सिजहरा के वार्ड क्रमांक 2 तथा धवैया के वार्ड क्रमांक 3 में पंच पद के लिए उप निर्वाचन होगा।
उप निर्वाचन के लिए प्रेक्षक नियुक्त
राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए कटनी जिले में निर्वाचन प्रक्रिया के पर्यवेक्षण हेतु श्री शशि भूषण सिंह, भा.प्र.से. (सेवानिवृत्त) को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक का मोबाइल नंबर 9425140227 है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रेक्षक द्वारा कटनी जिले में उप निर्वाचन की गतिविधियों का प्रथम चरण में 14 सितम्बर से 18 सितम्बर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर 2026 तक पर्यवेक्षण किया जाएगा।
प्रेक्षक के साथ समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए श्री अतुल कोटार, आबकारी उपनिरीक्षक, मोबाइल नंबर 9171229946, को लाईजिनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायतों के उप निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन