चाका-पुरैनी से झिंझरी मुख्य मार्ग की दयनीय स्थिति के शीघ्र सुधार हेतु : कटनी: गड्ढों में तब्दील हुई मुख्य सड़क, एल्डरमैन त्रिसोलिया की पहल पर निगम अध्यक्ष ने आयुक्त को दिए सुधार के निर्देश
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Thu, Oct 1, 2026
चाका-पुरैनी से झिंझरी मुख्य मार्ग की दयनीय स्थिति के शीघ्र सुधार हेतु एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने निगम अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

कटनी। नगर निगम सीमांतर्गत चाका-पुरैनी से झिंझरी तक शहर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क (पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-7) बारिश के कारण अत्यंत जर्जर हो चुकी है। मार्ग पर स्थान-स्थान पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं और सड़क की सतह बुरी तरह उखड़ गई है। नागरिकों को हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए नगर पालिक निगम के एल्डरमैन अनुराग त्रिसोलिया ने नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक जी से मुलाकात कर सड़क की मरम्मत हेतु एक अनुरोध पत्र सौंपा।
एल्डरमैन त्रिसोलिया ने पत्र में बताया कि पूरी सड़क की हालत खस्ताहाल है, विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर मोड़, पुरानी सब्जी मंडी, पन्ना तिराहा, कुठला, अहमद नगर, रचना नगर मोड़, बस स्टैंड, जगन्नाथ चौक से बरगवां फ्लाईओवर, आस्था प्लाजा, डन कॉलोनी, कटाये घाट मोड़, माधवनगर गेट तथा कलेक्ट्रेट-वन विभाग क्षेत्र से झिंझरी तक स्थिति बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने ध्यान आकर्षित कराया कि यह कटनी का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों नागरिक, ग्रामीण, स्कूली बच्चे और वाहन गुजरते हैं। गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व के दौरान इस मार्ग पर यातायात का दबाव और अधिक बढ़ेगा, जिसे देखते हुए सुरक्षा व सुविधा की दृष्टि से तत्काल मरम्मत आवश्यक है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक जी ने जनहित में त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम आयुक्त महोदया को पत्र प्रेषित कर चाका-पुरैनी से झिंझरी मार्ग के गड्ढों को प्राथमिकता से भरवाने और आवश्यक सुधार कराने हेतु निर्देशित किया है।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन