लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
धान पंजीयन में तकनीकी खामियां बनीं किसानों की मुसीबत, ढीमरखेड़ा भारतीय किसान संघ ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी,
पंजीयन पोर्टल और सर्वर ठप, गिरदावली के बाद भी गायब हैं खसरे; 15 दिन की अवधि बढ़ाने के लिए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
(कटनी),मध्य प्रदेश।
ढीमरखेड़ा: मध्य प्रदेश में धान उपार्जन के लिए चल रही पंजीयन प्रक्रिया किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। गिरदावली की विसंगतियों से लेकर सरकारी पोर्टल और सर्वर की तकनीकी खामियों के कारण हजारों किसान पंजीयन कराने के लिए भटक रहे हैं। किसानों की इस ज्वलंत समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ (तहसील ढीमरखेड़ा) ने अब शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निधि गोहल को एक ज्ञापन सौंपकर पंजीयन व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और पंजीयन की अंतिम तिथि को 15 दिन और बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। किसान संघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो क्षेत्र में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पोर्टल से खसरे गायब, आधी-अधूरी भूमि का हो रहा पंजीयन
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन को अवगत कराया कि ढीमरखेड़ा क्षेत्र में अब तक कई किसानों की गिरदावली का कार्य ही पूरा नहीं हो सका है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिन किसानों की गिरदावली पटवारी द्वारा अपनी आईडी से दर्ज की जा चुकी है, उनके खसरे भी पंजीयन पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कई किसानों के पास पांच खसरे (कृषि भूमि) हैं, लेकिन पोर्टल पर केवल दो या तीन खसरे ही दिखाई दे रहे हैं। ऐसी स्थिति में यदि किसान उपलब्ध खसरों का पंजीयन करा लेते हैं, तो बचे हुए खसरों को बाद में जोड़ने (एडिट करने) का कोई विकल्प पोर्टल पर मौजूद नहीं है। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसान अपनी पूरी फसल का पंजीयन कराने से महरूम हो रहे हैं।
सर्वर डाउन होने से 30% किसानों पर बाहर होने का खतरा
ज्ञापन में सर्वर की लचर व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया है। तकनीकी दिक्कतों और लगातार सर्वर ठप होने के कारण धान पंजीयन की रफ्तार बेहद धीमी है। भारतीय किसान संघ ने आशंका जताई है कि यदि इन तकनीकी खामियों को तुरंत दूर नहीं किया गया, तो क्षेत्र के 25 से 30 प्रतिशत पात्र किसान धान पंजीयन कराने से पूरी तरह वंचित रह जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ेगा।
किसान संघ की प्रमुख मांगें
गिरदावली की लंबित प्रक्रिया को युद्ध स्तर पर जल्द पूरा कराया जाए।
पंजीयन पोर्टल पर सभी पात्र किसानों के पूरे खसरे प्रदर्शित किए जाएं।
छूटे हुए खसरों को बाद में (सुधार के दौरान) जोड़ने की सुविधा उपलब्ध हो।
बार-बार ठप हो रहे सर्वर की समस्या का स्थायी और तत्काल समाधान किया जाए।
किसानों को राहत देने के लिए धान पंजीयन की अंतिम तिथि को 15 दिन और बढ़ाया जाए।
मांगें पूरी न होने पर शासन-प्रशासन की होगी जिम्मेदारी
एसडीएम निधि गोहल को ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष बसंत मिश्रा, जिला प्रमुख कृषि आयाम सतीश ज्योतषी, तहसील महामंत्री आशिश चौरसिया, रामजी व्यवहार, ज्ञानचंद चौरसिया, चमन काछी और रामचरण पटेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के पीड़ित किसान उपस्थित रहे।
किसान नेताओं ने कड़े लहजे में कहा कि अन्नदाता पहले ही मौसम की मार झेल रहा है और अब प्रशासनिक व तकनीकी लापरवाही के कारण उसे परेशान किया जा रहा है। यदि प्रशासन ने समय रहते किसानों की इन जायज समस्याओं का निराकरण नहीं किया, तो भारतीय किसान संघ के बैनर तले उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी।
Mpnewslive.
कटनी जिला रिपोर्टर हिमांशु
विज्ञापन
विज्ञापन