NSUI कार्यकर्ताओं और छात्रों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर : कटनी। बारिश के बीच एनएसयूआई का छात्र अधिकार पैदल मार्च, वाटर कैनन के बाद कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Wed, Aug 19, 2026
बारिश के बीच एनएसयूआई का छात्र अधिकार पैदल मार्च, वाटर कैनन के बाद कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
कटनी। करीब नौ साल से बंद छात्र संघ चुनावों को लेकर हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद एनएसयूआई ने प्रदेश में प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने सहित छात्रों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कटनी में जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे एवं जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में गणेश चौक से कचहरी चौक तक विशाल छात्र अधिकार पैदल मार्च निकाला गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, एनएसयूआई कार्यकर्ता और कांग्रेसजन मार्च में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने कटनी में पीपीपी मॉडल के बजाय शासकीय मेडिकल कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं लॉ कॉलेज की स्थापना तथा लीड तिलक कॉलेज को स्वायत्त (ऑटोनॉमस) कॉलेज का दर्जा देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बारिश भी कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं तोड़ सकी और वे अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।

प्रदर्शन को कचहरी चौक तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़कर ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कई छात्र एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। बाद में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कई नेताओं को गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया गया।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से मांगें रखने वाले छात्रों पर वाटर कैनन चलाना और गिरफ्तारियां करना लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने प्रदेश में प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग दोहराई।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कहा कि आज छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि कटनी को मेडिकल कॉलेज का सपना दिखाकर पीपीपी मॉडल पर कॉलेज खोलना जनहित के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि कटनी में पूर्ण शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों पर ठोस निर्णय होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्र अपने अधिकारों के लिए किसी दबाव के सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन चाहे जितनी बैरिकेडिंग कर ले, छात्रों की आवाज को कैद नहीं किया जा सकता। एनएसयूआई ने लीड तिलक कॉलेज को ऑटोनॉमस बनाने के साथ-साथ कटनी में शासकीय लॉ कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की मांग भी दोहराई।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें किसी राजनीतिक स्वार्थ की नहीं, बल्कि कटनी के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य से जुड़ी हैं।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक बसंत सिंह, विधानसभा प्रभारी मुड़वारा राजेश चौबे, मौसुफ अहमद बिट्टू, मुकेश यादव, कमल पांडेय, अभिषेक प्यासी नानु, शशांक गुप्ता गोलू, मनोज गुप्ता, सचिन गर्ग, शुभम मिश्रा, सूर्यकांत कुशवाहा, सुरेंद्र राणा, चोखे भाईजान, अजय जैसवानी, हाजी मुन्ना कादिर, मंगल सिंह, आदित्य कटारे, जालिम यादव, रानु कूदरहा, रमेश अहिरवार, श्याम यादव, राहुल पटरिया, प्रज्ज्वल साहू, विष्णु पटेल, सत्यम द्विवेदी, सौरभ पांडे, प्रशांत सिन्हा, राहुल यादव, शुभम रजक, मीनाक्षी बलवी, हेमा शर्मा, नीरा सोनी, मनीषा सिंह, रुक्मणी पांडे, प्रिंस वंशकार, अवध लाल यादव, राजन साहू, दीपक यादव, करण चौधरी, राजीव पटेल, हरीश यादव, विकास यादव, वैभव सिंह, अमन तिवारी, दुर्गेश सिंह, अनूप सिंह, अहमद सिद्दीकी, श्रद्धा विश्वकर्मा, तान्या दुबे, धनश्री अग्रवाल, राधा पटेल, आशिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Tags :
katni NSUI
KATNI CONGRESS
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन