लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
राजेश साहू
MpNews.live | अंतागढ़। माओवाद प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर पेश करने के दावों के बीच अंतागढ़ ब्लॉक के डुवाल गांव की जमीनी हकीकत आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर कर रही है। आमाबेड़ा तहसील की तुमसनार ग्राम पंचायत के आश्रित इस गांव तक आज भी सड़क नहीं पहुंच सकी है। पहाड़ों और पथरीले रास्तों के बीच बसे इस गांव के करीब 25 परिवारों के लिए आवागमन से लेकर स्वास्थ्य सेवा, राशन और आवास निर्माण तक की राह मुश्किल बनी हुई है। अंतागढ़ मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के ग्रामीण आज भी सुगम सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे हैं।


डुवाल गांव तक पहुंचने के लिए पहाड़ी और पथरीले रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। आमाबेड़ा मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर अड़ेंगा गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पहुंचती है, लेकिन इसके आगे लगभग डेढ़ किलोमीटर का दुर्गम रास्ता तय करने के बाद डुवाल पहुंचा जा सकता है। इस रास्ते पर आवागमन के लिए ग्रामीणों ने लकड़ी के अस्थायी पुल भी बनाए हैं। बरसात के दिनों में हालात और कठिन हो जाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान मोटरसाइकिल से भी गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
डुवाल के ग्रामीणों को सरकारी राशन लेने के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उचित मूल्य की दुकान गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित है। राशन प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को पहाड़ी रास्ता पार कर दुकान तक जाना पड़ता है। इसके बाद अनाज को सिर या कंधों पर उठाकर वापस गांव लाना पड़ता है। इस तरह रोजमर्रा की एक जरूरी सुविधा हासिल करने के लिए भी ग्रामीणों को लंबा और दुर्गम सफर तय करना पड़ता है।
गांव के कुछ परिवारों के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए हैं, लेकिन सड़क नहीं होने से निर्माण कार्य शुरू करने में परेशानी आ रही है। ग्रामीणों और सरपंच के अनुसार, ईंट, सीमेंट, रेत सहित अन्य निर्माण सामग्री गांव तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है। बड़े वाहन और ट्रैक्टर गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण स्वीकृत आवासों का निर्माण प्रभावित हो रहा है।
करीब 25 घरों वाले डुवाल गांव में प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी भवन मौजूद हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क और रास्ते की खराब स्थिति का असर बच्चों के आवागमन पर भी पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में पहाड़ी रास्तों और लकड़ी के अस्थायी पुलों से गुजरकर स्कूल पहुंचना उनके लिए चुनौती बन जाता है।
कई बार आवेदन, श्रमदान से रास्ते की मरम्मत; फिर भी स्थायी समाधान नहीं


गांव के सरपंच ने बताया कि सड़क और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर कई बार कलेक्ट्रेट और जनदर्शन में आवेदन देकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है। ग्रामीण और पंचायत के लोग मिलकर हर साल श्रमदान से रास्ते की मरम्मत भी करते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सरपंच के अनुसार, इस बार असामयिक बारिश के कारण रास्ते पर बनाए गए लकड़ी के छोटे पुल बह गए, जिससे आवागमन और कठिन हो गया है।
कब मिलेगी डुवाल को सड़क की सुविधा?
अंतागढ़ मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित डुवाल गांव की स्थिति बुनियादी सुविधाओं की पहुंच को लेकर सवाल खड़े करती है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और राशन जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। बीमार मरीजों को कांवर में मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है, वहीं स्वीकृत आवासों के निर्माण के लिए सामग्री पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है।

ग्रामीणों की प्रमुख मांग गांव तक सुगम सड़क पहुंचाने की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब ठोस पहल करता है, ताकि डुवाल के लोगों को भी आवागमन और बुनियादी सुविधाओं के लिए इस तरह की मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन