लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
क्षेत्रीय समस्याओं और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ ढीमरखेड़ा में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, 8 अक्टूबर को मनाया ‘काला दिवस’, सौंपा ज्ञापन,
• सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और शराबबंदी के मुद्दे पर ब्लॉक कांग्रेस ने सरकार को घेरा,
• NSUI ने महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा मांगपत्र, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी,
मध्यप्रदेश/कटनी(ढीमरखेड़ा):क्षेत्र की बदहाल जनसमस्याओं और दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।



संविधान और लोकतंत्र पर हमला: मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में दिल्ली की घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित 'INDIA' ब्लॉक के सांसदों के साथ पुलिस ने अभद्र व्यवहार और लाठीचार्ज किया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान पर सीधा हमला करार दिया। इसके साथ ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।
बदहाल सड़कें, बिजली के भारी बिल और अवैध शराब पर घेरा
प्रदर्शनकारियों ने ढीमरखेड़ा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को रेखांकित करते हुए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गईं:
• सड़क एवं पुल निर्माण: घुघरा से कछारगांव मार्ग तथा ग्राम पंचायत बड़ी पौड़ी के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए तुरंत सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। साथ ही संगमा-लालपुर-दलला नदी पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो।
• बिजली बिलों में धांधली: क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को बिना मीटर रीडिंग के मिल रहे अत्यधिक और फर्जी बिलों की जांच कर राहत दी जाए।
• पेयजल संकट: दूषित पेयजल की समस्या का स्थायी निराकरण हो और नाली के भीतर से डाली गई पेयजल पाइपलाइनों को दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
• शिक्षा और नशामुक्ति: खमरिया (खमतरा) में वर्ष 2016 में घोषित शासकीय हाईस्कूल का निर्माण कार्य अविलंब शुरू किया जाए। इसके अलावा क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब पैकरियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
• किसानों की मांग: धान उत्पादक किसानों के लिए धान खरीदी का पंजीयन शीघ्र अति शीघ्र शुरू किया जाए।
छात्रों की हुंकार: NSUI ने उठाई कॉलेज की समस्याएं
दूसरी ओर, छात्रों और युवाओं की आवाज बुलंद करते हुए NSUI के जिला महासचिव सागर शुक्ला के नेतृत्व में शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की समस्याओं को लेकर एक अलग ज्ञापन सौंपा गया। छात्र नेताओं ने मांग की कि:
1. शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में M.A. एवं M.Sc. की स्नातकोत्तर (PG) कक्षाएं तुरंत शुरू की जाएं।
2. कॉलेज में NCC विंग की स्थापना की जाए ताकि छात्र देश सेवा से जुड़ सकें।
3. दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए निजी बसों के किराए में रियायत (छूट) दी जाए।
4. ढीमरखेड़ा क्षेत्र में ही शासकीय ITI भवन का निर्माण कराया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर न भटकना पड़े।
मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन जनहित और छात्रहित की मांगों पर शीघ्र ही कोई सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता और NSUI कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र और चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Mpnewslive.
कटनी जिला रिपोर्टर हिमांशु
विज्ञापन
विज्ञापन