कटनी।पात्र गरीबों का नाम गायब, अमीरों को आवास सूची में शामिल : डिठवारा में PM आवास योजना पर घोटाले के आरोप, ग्रामीणों ने PM-CM के नाम संयुक्त कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Tue, Jul 14, 2026पात्र गरीबों का नाम गायब, अमीरों को आवास सूची में शामिल करने का आरोप
डिठवारा में बिना ग्राम सभा बनी आवास सूची, जांच की मांग तेज
15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
कटनी। ग्राम पंचायत कन्हवारा के अंतर्गत आने वाले ग्राम डिठवारा में प्रधानमंत्री आवास योजना की अस्थायी पात्रता सूची को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना की अस्थायी सूची में वास्तविक गरीब, भूमिहीन और पात्र परिवारों के नाम शामिल नहीं किए गए, जबकि आर्थिक रूप से संपन्न और प्रभावशाली लोगों को लाभार्थी सूची में जगह दी गई है। उनका कहना है कि इससे गरीबों के अधिकारों का हनन हुआ है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आवास सूची के सत्यापन के लिए जिले की अन्य पंचायतों की तरह डिठवारा में ग्राम सभा आयोजित नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार न तो मुनादी कराई गई और न ही कोई सार्वजनिक सूचना दी गई, जिससे पात्र लोग आपत्ति दर्ज नहीं कर सके।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आवास सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तत्काल ग्राम सभा आयोजित कर वास्तविक पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले सचिव और सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेंद्र, गोविंद, निरंजन सिंह गौड़, मलखान यादव, कन्ना कोल, विनोद कोल, राकेश यादव सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।
(नोट: यह खबर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों और ज्ञापन के आधार पर है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)


Tags :
katni news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन