लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
Gulfraz Sheikh
मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड में बुधवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। यह दौरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए किया गया, ताकि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने रसलपुर धुरिया कलासन, चौसा प्रखंड मुख्यालय एवं फुलौत क्षेत्र का भ्रमण किया। फुलौत में उन्होंने निर्माणाधीन पुल का गहन निरीक्षण किया, जिसे आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। डीएम ने निर्माण कार्य की स्थिति, गुणवत्ता और समय-सीमा की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किए जाएं और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनज़र प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की तैयारी पूरी तरह सुदृढ़ होनी चाहिए।
डीएम ने यह भी कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं और चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष, सीडीपीओ अविनाश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरीना आज़ाद, अंचलाधिकारी उदयकांत मिश्र, बिजली विभाग के कनीय अभियंता संजीव कुमार, कर्मचारी मनीष कुमार, जिला पार्षद अनिकेत कुमार मेहता, स्थानीय मुखिया बबलू ऋषिदेव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर आने वाले दिनों में तैयारियों को और तेज किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन