लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
Gulfraz Sheikh
मधेपुरा में सुरक्षित स्वास्थ्य एवं खुशहाल परिवार विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, प्रतिभागियों को दी गई अहम जानकारी
मधेपुरा। जीविका, मधेपुरा के तत्वावधान में सुरक्षित स्वास्थ्य एवं खुशहाल परिवार विषय पर सीएलएफ एंकर पर्सन एवं एचएनएस नोडल पर्सन के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के प्रथम बैच का 21 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को महिलाओं, नवजात शिशुओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में एनीमिया, प्रसवोत्तर शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, रजोनिवृत्ति, अवसाद, महिलाओं के निजी स्वास्थ्य की देखभाल, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, उच्च जोखिम नवजात, गरिमामय वृद्धावस्था एवं कैंसर जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना और सही जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग सबसे पहले स्वयं और अपने परिवार को जागरूक करने में करना चाहिए। इसके साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी कम से कम एक ग्राम संगठन में प्रशिक्षण के माध्यम से मिली जानकारी को साझा कर समुदाय को जागरूक करें।
प्रशिक्षण में राज्य कार्यालय से आए संसाधन सेवी श्री श्याम निवास ने प्रतिभागियों को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं, कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक श्री मुर्तजा अली का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को प्रभावी रूप से लागू करने तथा महिलाओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपेक्षा की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन