लोकल और राज्य की खबरें पढ़ें
हिमांशु
सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में भक्ति की बही रसधार, गोस्वामी परिवार के आयोजन में प्रतिदिन पहुंच रहे बड़ी संख्या में श्रद्धालु
मध्य प्रदेश / कटनी / ढीमरखेड़ा। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पिण्डरई में गोस्वामी परिवार के धर्मराज पुरी द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। 18 नवंबर से 24 नवंबर तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। सोमवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मणी के विवाह का मनमोहक प्रसंग प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा वाचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी के विवाह प्रसंग को भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भजन, कीर्तन और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए तथा कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया।
वहीं, अमोल खोय आश्रम के संत भगत गिरी जी महाराज (बच्चू महाराज) के आगमन से धार्मिक आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। संत महाराज के आगमन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने संत के दर्शन कर आशीर्वचन प्राप्त किए और स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस किया।
ग्राम पिण्डरई में आयोजित इस भागवत कथा के चलते पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। गोस्वामी परिवार एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन 24 नवंबर को होगा। आयोजक परिवार ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन