पेपर लीक, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना : कटनी से कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले– बदलाव की शुरुआत हो चुकी है
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Thu, Aug 6, 2026

कटनी से कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले– बदलाव की शुरुआत हो चुकी है
पेपर लीक, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना, युवाओं से लोकतंत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
कटनी। आयोजित दो दिवसीय संगठन सृजन अभियान के समापन अवसर पर कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी राजनीतिक संघर्ष का बिगुल फूंक दिया। प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है, जनता सवाल पूछ रही है और बदलाव की शुरुआत हो चुकी है।
जीतू पटवारी ने कहा कि हाल ही में हुए उपचुनावों के परिणाम इस बात का संकेत हैं कि जनता परिवर्तन चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 152 पेपर लीक और 50 से अधिक परीक्षाओं में धांधली हुई, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा व्यवस्था और युवाओं का भविष्य है, जिसे लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, भय और प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि "प्रदेश में अली बाबा और 40 चोर की सरकार चल रही है।" साथ ही वल्लभ भवन में कथित रूप से रिश्वत लेते अधिकारी के वायरल वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश की व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि जनता को जागरूक करना भी है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, सोशल मीडिया और जनआंदोलन जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता आम जनता से सीधे संवाद करेंगे।
युवाओं से विशेष अपील करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत वोट है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और प्रदेश व देश के भविष्य को ध्यान में रखकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि होटल डीएनएस में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और जनआंदोलन जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। शिविर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संजय कामले, ललित सेन, मनु मिश्रा, दुर्गेश पटेल, आरिफ खान, प्रमिला मेहरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी हरीश चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया।

Tags :
katni congress
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन